वंचित इकाई समूह और वर्गों की आर्थिक सहायता योजना (VISVAS)
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय (MoSJ&E), भारत सरकार एक नई ब्याज सहायता योजना – वंचित इकाई समूह और वर्गों की आर्थिक सहायता (VISVAS) योजना लागू कर रही है। ऐसे स्वयं सहायता समूह (SHG) जिनमें कम से कम 70% सदस्य अजा, अपिव या सफाई कर्मचारी (पहचाने गए मैला ढोने वाले, कचरा बीनने वाले और उनके आश्रितों सहित) हैं, वे 10.00 लाख रुपये तक के ऋण/नकद क्रेडिट सीमा के लिए 5% प्रति वर्ष तक की ब्याज सहायता के पात्र होंगे। इसी प्रकार, अजा, अपिव और सफाई कर्मचारी (पहचाने गए मैला ढोने वाले, कचरा बीनने वाले और उनके आश्रितों सहित) श्रेणियों से संबंधित व्यक्ति 5.00 लाख रुपये तक के ऋण पर 5% प्रति वर्ष तक की ब्याज सहायता के पात्र होंगे। यह मॉडल ऋण लेने वाले स्वयं सहायता समूहों/व्यक्तिगत लाभार्थियों के मानक खातों को त्वरित ब्याज लाभ प्रदान करेगा।
प्रस्तावित योजना का उद्देश्य उन पात्र स्वयं सहायता समूहों (SHG) और व्यक्तिगत लाभार्थियों को कम ब्याज दर का सीधा लाभ प्रदान करना है, जिन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSB), क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB), निजी क्षेत्र के बैंकों, लघु वित्त बैंकों और अन्य समान वित्तीय संस्थानों (जिन्हें इसके बाद ऋणदाता संस्थान (LI) कहा जाएगा) के माध्यम से ऋण प्राप्त किया है।